Shimla,Sanju(TSN)–हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है और राज्य के कई हिस्से भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज़ हवाओं की चपेट में आ गए हैं।भारतीय मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है।चंबा,कांगड़ा,कुल्लू,मंडी और शिमला जिलों में आगामी 72 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने,ओले गिरने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। शेष जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 मई तक राज्य में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी,जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।
मई में भी सिहरन: तापमान में रिकॉर्ड गिरावट
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किए गए हैं।केलांग का तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है,जबकि कल्पा,ताबो और नारकंडा जैसे क्षेत्रों में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।कसौली और शिमला जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान में क्रमशः 7.7 और 6.2 डिग्री की गिरावट देखी गई है।
कृषि पर संकट के बादल
लगातार बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।शिमला जिले में सेब की फसल को भारी क्षति पहुंची है, वहीं मटर और फूलगोभी जैसी फसलें भी प्रभावित हुई हैं। खेतों में जलभराव और फलों के झड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं,जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
सरकारी सहायता की उम्मीद
राज्य सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित किसानों के लिए राहत पैकेज की योजना पर विचार किया जा रहा है।