Shimla,Sanju(TSN) – जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।इसके तहत केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 7 मई को देश के 244 संवेदनशील जिलों में एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया है।इस अभ्यास का उद्देश्य आम नागरिकों को आतंकी हमलों या युद्ध जैसी आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति तैयार करना है।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला भी इस अभियान में शामिल है। यहां मंगलवार शाम 4 बजे विभिन्न स्थानों पर हवाई हमले जैसी स्थितियों को दर्शाते हुए सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा। स्थानीय प्रशासन और आपात सेवाओं की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।
राज्य ने पूरे हिमाचल में अभ्यास की मांग की
हिमाचल सरकार ने केंद्र से राज्य के सभी 12 जिलों में मॉक ड्रिल आयोजित करने का आग्रह किया है। सरकार का कहना है कि चंबा जैसे सीमावर्ती जिले रणनीतिक दृष्टि से संवेदनशील हैं और वहां भी यह अभ्यास जरूरी है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने जानकारी दी कि, “इस ड्रिल के ज़रिए नागरिकों को आपात स्थिति में सही और तेज़ प्रतिक्रिया देना सिखाया जाएगा। इसमें बचाव प्रक्रिया, निकासी व्यवस्था और प्राथमिक उपचार जैसी जरूरी चीज़ें शामिल होंगी।”
सरकार का उद्देश्य है कि ऐसे अभ्यासों से राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता मजबूत हो और नागरिकों में संकट के समय निर्णय लेने की समझ विकसित हो।
