Ambala,4 September-अंबाला शहर बारिश की मार से बेहाल है। कांग्रेस विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने हालात का जायज़ा लिया और प्रशासन व सरकार को घेरा। उनका कहना है कि “पंपिंग स्टेशन बंद पड़े रहे, और सरकार नाम की कोई व्यवस्था धरातल पर नज़र नहीं आई।
पिछली रात हुई मूसलाधार बारिश ने अंबाला शहर को जलमग्न कर दिया। घग्घर नदी के उफान और बांध टूटने से हालात गंभीर हो गए। हिसार रोड, मानपुर, डंडारी, नौगढ़, निजामपुर, कालू माजरा और भारत कॉलोनी जैसे इलाकों में पानी घरों और खेतों में घुस गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर नालों की सफाई नहीं हुई और पंपिंग स्टेशन बंद रहने से पानी निकासी ठप हो गई।कांग्रेस विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया और सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “यह केवल प्रशासनिक नाकामी नहीं, बल्कि जनता की तकलीफों के प्रति निर्मम उदासीनता है।”
निर्मल सिंह ने व्यंग्य किया कि “डबल इंजन सरकार इस बार बंद पड़ी नज़र आई। जनता राहत की उम्मीद कर रही थी, लेकिन सरकार केवल पोर्टल और फोटो सेशन में उलझी रही।उन्होंने कहा कि लाखों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है,किसान तबाही के कगार पर हैं और परिवारों के घरों में चूल्हे तक ठंडे पड़ गए। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि तुरंत राहत और बचाव कार्य मिशन मोड में शुरू नहीं किए गए तो हालात और बिगड़ जाएंगे।उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए राशन,पीने का पानी, दवाइयाँ और पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने और किसानों के लिए विशेष मुआवज़ा पैकेज घोषित करने की मांग की।
