Panchkula, 31 December: उपायुक्त सतपाल शर्मा ने कहा कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए जिले में बाढ़ नियंत्रण एवं जलभराव से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग अभी से सतर्क होकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जलभराव से निपटने के लिए विभागों को समय रहते व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में सिंचाई, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, राजस्व, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बाढ़ बचाव एवं प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।उन्होंने बताया कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों की शत-प्रतिशत अनुपालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने जिले में उपलब्ध सभी पंप सेटों की अद्यतन सूची तैयार करने तथा खराब पंप सेटों की समय रहते मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।उन्होंने बाढ़ नियंत्रण की दृष्टि से संवेदनशील व महत्वपूर्ण क्षेत्रों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। साथ ही संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने तथा मानसून से पहले सभी आवश्यक इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि ड्रेनों व नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और अन्य बाढ़ प्रबंधन से संबंधित कार्य समय रहते पूरे किए जाएं। राज्य स्तरीय बैठक में तय समय-सीमा के अनुसार सभी परियोजनाएं पूरी की जाएं और जो कार्य प्रगति पर हैं, उनमें तेजी लाई जाए।
