नालागढ़, 9 जुलाई: नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 10 जुलाई को चुनाव होना है. यहां वोटरों की संख्या 94 हजार 755 है. इनमें सेवा अहर्ता मतदाताओं की संख्या 924 है. यहां वोटिंग के लिए 121 पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं. हिमाचल प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्र में 10 जुलाई को मतदान होना है. यहां देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव है.बात अगर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की करें, तो यह क्षेत्र जिला सोलन के तहत आता है. लोकसभा चुनाव में यह सीट शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत आती है. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां निर्दलीय प्रत्याशी कृष्ण लाल ठाकुर ने जीत हासिल की थी।
चुनावी रण में कुल पांच प्रत्याशी
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. यहां मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच ही है. हालांकि पूर्व विधायक हरि नारायण सैनी के भतीजे हरप्रीत सिंह सैनी यहां चुनाव लड़कर इस रण को दिलचस्प बनाने का काम कर रहे हैं.और उनके चुनाव मैदान में आने के कारण अब मुकाबला त्रिकोणीय होता नजर आ रहा है। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस से हरदीप सिंह बावा, बीजेपी से कृष्ण लाल ठाकुर, स्वाभिमान पार्टी से किशोरी लाल शर्मा के साथ निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर हरप्रीत सिंह सैनी और विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं. नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में वोटरों की कुल संख्या 94 हजार 755 है. इनमें सेवा अहर्ता मतदाताओं की संख्या 924 है. यहां वोटिंग के लिए 121 पोलिंग बूथ तैयार किए गए हैं.
बीते तीन विधानसभा चुनाव का परिणाम
साल 2022 के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुनाव में कृष्ण लाल ठाकुर की निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर जीत हुई थी. कृष्ण लाल ठाकुर ने 33 हजार 427 वोट हासिल किए थे. भारतीय जनता पार्टी के लखविंदर सिंह राणा को 17 हजार 273 और कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा को 20 हजार 163 वोट हासिल हुए थे. यहां 590 लोगों ने नोटा का भी इस्तेमाल किया था. ऐसे में कुल 75 हजार 101 वोट में से 44.51 फीसदी वोट हासिल कर कृष्ण लाल ठाकुर ने जीत हासिल कर ली थी.
