मंडी : धर्मवीर ( TSN)-78वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित किया गया। समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन व तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने शहीद स्माकर जाकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की और उपरांत इसके गांधी चौक पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। उपरांत इसके राष्ट्रीय ध्वज लहराया और परेड़ का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड़ में हिमाचल पुलिस, महिला पुलिस, पुलिस बैंड, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड और अन्य टुकड़ियों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में मंत्री राजेश धर्माणी ने देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश का देश की आजादी से लेकर सरहदों की रक्षा करने तक में अपना महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यहां के रणबांकुरों ने देश की सुरक्षा की खातिर हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहूतियां दी हैं जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रदेश को वीरभूमि भी कहा जाता है और इस वीरभूमि को एक नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रदेश सरकार काम कर रही है। आने वाले 10 वर्षों में हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे अमीर राज्य बनाया जाएगा।राजेश धर्माणी ने बताया कि उन्हें नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग का जो दायित्व दिया गया है उसके माध्यम से प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का योजनाबद्ध तरीके से विकास करवाने का प्रयास किया जा रहा है। विकास के ढांचे को इस प्रकार से सुदृढ़ करने की कोशिश की जा रही है ताकि भविष्य में आने वाली हर चुनौती से हम जूझ सकें और कम से कम नुकसान हो। मंडी जिला के प्लानिंग क्षेत्रों का दोबारा से पुर्नगठन किया गया है और कुछ नई गाइडलाईन जारी की गई हैं।इस मौके पर देशभक्ति से प्रेरित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। समारोह में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र भट्ट, उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन और एसपी मंडी साक्षी वर्मा सहित अन्य अधिकारी और नेता भी मौजूद रहे।
