पलवल-:पलवल में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई।केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में 150 दिव्यांगजनों को मुफ्त विशेष ई-स्कूटर वितरित किए।इस दौरान होडल विधायक हरेंद्र सिंह,पूर्व मंत्री हर्ष कुमार,पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल और पूर्व विधायक दीपक मंगला समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को ये ई-स्कूटर दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में अब तक 500 दिव्यांगजनों को ई-स्कूटर वितरित किए जा चुके हैं।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को यदि उचित अवसर और सुविधाएं मिलें,तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।उन्होंने पैरा ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाली दिव्यांग बेटियों का उदाहरण देते हुए कहा कि दिव्यांगजनों में जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता है।केंद्र सरकार भी उनके सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रही है।कृष्णपाल गुर्जर ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में गरीबों, किसानों और मजदूरों सहित सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं।
