28 सितम्बर, करनाल- जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। हरियाणा के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। इसके बाद भाजपा कार्यालय कर्ण कमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरियाणा के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा सरकार 26 फसलों पर एमएसपी देने के साथ लाडो लक्ष्मी योजना और बिना पर्ची खर्ची के लाखों नियुक्ति करवाने जैसे अनेक कल्याणकारी कार्यक्रमों को लेकर आ रही है। उन्होंने कहा कि नायब सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भारी बहुमत के साथ हमें एक बार फिर प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास आज कोई मुद्दा नहीं है, वह हताश है। समाज के सभी वर्ग के लोगों को समझाने में हम सफल रहे हैं।
राहुल गांधी को भारत से इतना लगाव था तो खुद क्यों गए विदेश में पढ़ने
हरियाणा के युवाओं के विदेश में जाने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को भारत से इतना लगाव था तो वे खुद क्यों विदेश में पढ़ने गए थे। वह तो भारत से बाहर जाकर भारत को गाली देने वाले में से हैं। वह विदेश में जाकर कहते हैं कि हम सत्ता में आने पर आरक्षण को बंद कर देंगे।बेरोजगारी पर बोलते हुए हरियाणा के प्रभारी ने कहा कि अभी जो आंकड़े आए हैं उसमें देश मे बेरोजगारी का स्तर सबसे नीचे है। उन्होंने कहा कि गैर भाजपाई राज्यों में बेरोजगारी की मात्रा ज्यादा है, मैं यह तथ्यों के आधार पर इसे उजागर कर रहा हूं। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वह झूठ का सहारा ले रही है। कांग्रेस द्वारा रोजगार देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब और हिमाचल में इंडि गठबंधन की सरकार है, पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने काफी वायदे किए थे और 8500 रुपए देने का भी वादा किया था आज वह कहां गया।
