मंडी,धर्मवीर।धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में नेशनल हाईवे निर्माण के दौरान लोगों के घरों को हो रहे नुकसान का मामला एक बार फिर तूल पकड़ने लगा है।धर्मपुर से कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने करीब एक साल बाद दोबारा MORTH (मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हाईवे निर्माण में कथित अनियमितताओं और प्रभावित परिवारों की अनदेखी से नाराज विधायक धरने पर बैठ गए हैं।उनका कहना है कि जब तक प्रभावित लोगों की समस्याओं का उचित समाधान नहीं किया जाता,तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर का यह धरना कुम्हारड़ा गांव में प्रभावित शारदा देवी के घर के समीप दिया जा रहा है।बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले घर के पास की गई कटिंग के कारण मकान को नुकसान पहुंचा है।विधायक ने आरोप लगाया कि हाईवे निर्माण कर रही कंपनी और उसके अधीन काम कर रहे छोटे ठेकेदारों द्वारा कथित तौर पर पत्थरों के लालच में गलत तरीके से पहाड़ों की कटिंग की जा रही है।इसके चलते आसपास के मकानों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।कई परिवारों को अपने घरों के क्षतिग्रस्त होने की चिंता सता रही है।चंद्रशेखर ठाकुर के अनुसार धर्मपुर से लेकर अवाहदेवी तक हाईवे निर्माण से प्रभावित लोगों के कुल 194 मामले जिला प्रशासन की अध्यक्षता में गठित कमेटी को सौंपे जा चुके हैं।इस कमेटी का गठन प्रभावितों को राहत और मुआवजा दिलाने के उद्देश्य से किया गया था,लेकिन विधायक का आरोप है कि लंबे समय बाद भी इन मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। MORTH के अधिकारियों और निर्माण कंपनी की ओर से गंभीरता न दिखाए जाने के कारण लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।
कोर्ट के चक्कर काटने को मजबूर न हों प्रभावित
विधायक की प्रमुख मांग है कि हाईवे के राइट ऑफ वे (ROW) से बाहर निर्माण कंपनी की कथित लापरवाही के कारण जिन लोगों के मकानों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है,उन्हें गठित कमेटी के माध्यम से जल्द मुआवजा दिया जाए।उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को अपना अधिकार पाने के लिए हाईकोर्ट के चक्कर काटने की नौबत नहीं आनी चाहिए।कमेटी का गठन इसी उद्देश्य से किया गया था कि लोगों को प्रशासनिक स्तर पर न्याय मिल सके, लेकिन अधिकारियों की कथित ढुलमुल कार्यप्रणाली के कारण प्रभावित परिवारों को राहत नहीं मिल पा रही है।
समाधान निकला तो खत्म होगा धरना
चंद्रशेखर ठाकुर ने कहा कि MORTH के अधिकारी जिला प्रशासन के साथ मौके का निरीक्षण कर रहे हैं।उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए।साथ ही हाईवे निर्माण में हो रही गलत कटिंग पर रोक लगाकर वैज्ञानिक तरीके से निर्माण कार्य करवाया जाए।विधायक ने स्पष्ट किया कि यदि अधिकारियों की ओर से उचित समाधान निकाला जाता है तो धरना समाप्त कर दिया जाएगा।अन्यथा वह प्रभावित जनता के साथ मौके पर डटे रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लोगों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
पहले भी 9 दिनों तक कर चुके हैं आमरण अनशन
गौरतलब है कि विधायक चंद्रशेखर ठाकुर सितंबर 2025 में भी MORTH के खिलाफ नौ दिनों तक आमरण अनशन पर बैठे थे। उस समय उनके आंदोलन के बाद MORTH के हमीरपुर कार्यालय को बंद कर दिया गया था और जिला प्रशासन की अध्यक्षता में प्रभावितों की समस्याओं के समाधान के लिए एक कमेटी गठित की गई थी।हालांकि,अब एक साल बाद भी 194 मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए विधायक ने फिर से आंदोलन शुरू कर दिया है।ऐसे में अब देखना होगा कि MORTH के अधिकारी और निर्माण कंपनी प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।फिलहाल विधायक के धरने से हाईवे निर्माण और प्रभावितों के मुआवजे का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
