गुरुग्राम-:गुरुग्राम में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपी दिल्ली के नजफगढ़ से बाइक पर सवार होकर गुरुग्राम आते थे और वारदात को अंजाम देने के बाद वापस दिल्ली फरार हो जाते थे।पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ 25 से ज्यादा आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है।पुलिस ने महिलाओं से चेन और मोबाइल छीनने की वारदातों में शामिल दो आरोपियों को दिल्ली के बिजवासन इलाके से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ललित उर्फ मोटा और विनय के रूप में हुई है।दोनों दिल्ली के नजफगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली बाइक भी बरामद की है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से गुरुग्राम में स्नेचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को पालम विहार इलाके में एक महिला के साथ लूट की वारदात हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 25 नवंबर को ललित उर्फ मोटा को गिरफ्तार किया। इसके बाद उससे पूछताछ के आधार पर 26 नवंबर को उसके साथी विनय को भी दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली से बाइक लेकर गुरुग्राम आते थे और शाम के समय सुनसान रास्तों पर अकेले घूम रही महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से वापस दिल्ली भाग जाते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट और छीनाझपटी समेत अलग-अलग धाराओं में करीब 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।आरोपी ज्यादातर मामलों में जमानत पर जेल से बाहर थे और दोबारा आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गुरुग्राम में की गई अन्य वारदातों और उनके आपराधिक नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
