Mandi,dharamveer(TSN)-मंडी (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फगवाड़ा (पंजाब) में हुए सूडानी छात्र की हत्या मामले में फरार चल रहे छह आरोपियों को मंडी बस अड्डे से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी पंजाब पुलिस के अलर्ट के बाद संभव हो पाई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अजीत राजपूत (उत्तर प्रदेश)
मोहम्मद शोएब (जम्मू-कश्मीर)
कुंवर अमर प्रताप (उत्तर प्रदेश)
अभय पाल (चंपारण, बिहार)
आदित्य गर्ग (उन्नाव, उत्तर प्रदेश)
विकास कुमार (भोजपुर, बिहार)
इन पर आरोप है कि वे फगवाड़ा के गांव महेडू में सूडानी छात्र मोहम्मद बड़ा वाला युसूफ अहमद की हत्या में शामिल थे। यह वारदात बीते वीरवार तड़के हुई थी, जब कथित रूप से कुछ युवकों ने छात्राओं से छेड़छाड़ और मोबाइल नंबर मांगने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने सूडानी छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया।
घायल छात्र युसूफ अहमद को रामा मंडी के जोहल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अन्य सूडानी छात्र अहमद मोहम्मद नूर भी हमले में घायल हुआ, जिसका इलाज चल रहा है। उसी ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी थी।
घटना के बाद सभी आरोपी हिमाचल की ओर फरार हो गए थे। पंजाब पुलिस द्वारा भेजे गए इनपुट के आधार पर मंडी पुलिस ने बस अड्डों पर सख्त निगरानी शुरू की और मंडी बस अड्डे पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। मंडी की एसपी साक्षी वर्मा ने पुष्टि की है कि सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है।
