फरीदाबाद-:फरीदाबाद के भाकरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया,जब एक घर के अंदर करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया।सांप घर की सीढ़ियों के पास उस स्थान पर बैठा था,जहां परिवार के सदस्य नहाने के लिए जाते हैं।अचानक इतने विशाल अजगर को देखकर परिवार के लोगों में डर का माहौल बन गया।
घटना शाम के समय की है।अजगर को देखते ही परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। हालांकि,राहत की बात यह रही कि अजगर ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई।वन विभाग की टीम रात करीब 10 बजे गांव पहुंची और काफी सावधानी के साथ अजगर को पकड़ लिया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।गांव निवासी जीतू ने बताया कि शाम को परिवार के लोगों की नजर अचानक घर में बैठे अजगर पर पड़ी।उसकी लंबाई और आकार देखकर सभी घबरा गए।इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।वन विभाग के इंस्पेक्टर हंसराज के अनुसार,भाकरी गांव अरावली क्षेत्र के नजदीक बसा हुआ है। ऐसे में जंगल से निकलकर अजगर रिहायशी इलाके में पहुंच गया था। टीम ने समय रहते उसका रेस्क्यू कर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम में कोई जनहानि नहीं हुई।
