Mandi,dharamveer(TSN):पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी में आयोजित एक विशाल तिरंगा रैली के बाद प्रेस से बातचीत करते हुए टर्की के साथ सभी व्यापारिक और पर्यटन संबंधों को समाप्त करने की पुरजोर मांग उठाई।उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान तनाव के दौरान टर्की और चीन ने पाकिस्तान का पक्ष लिया, जो कि भारतीयों के लिए अस्वीकार्य है।
टर्की के सेबों पर प्रतिबंध और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील
जयराम ठाकुर ने टर्की से आयातित सेबों पर तुरंत प्रतिबंध लगाने का आग्रह किया।साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विदेशों,खासकर टर्की की बजाय भारत के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दें।उन्होंने कहा कि इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा,बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
राष्ट्रभक्ति से गूंजा मंडी का पड्डल मैदान
इससे पहले भाजपा द्वारा मंडी के पड्डल मैदान से सेरी मंच तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई।इस आयोजन में हजारों की संख्या में स्थानीय लोग,भाजपा कार्यकर्ता,विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि और स्कूली बच्चे शामिल हुए। रैली के दौरान “भारत माता की जय”,”वंदे मातरम” और “पाकिस्तान मुर्दाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे।जयराम ठाकुर ने रैली को राष्ट्रीय एकता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया और लोगों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी उत्पादों और सेवाओं को अपनाकर राष्ट्रनिर्माण में भागीदार बनें।
