पंजाब | प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार तेज होता जा रहा है। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर (आदमपुर), हलवारा और बठिंडा समेत कई जिलों में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बठिंडा एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में अब तक का सबसे ज्यादा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
गर्मी और लू की चपेट में आने से दो लोगों की मौत की खबर सामने आई है। पहला मामला गुरदासपुर रेलवे स्टेशन का है, जहां हिमाचल से लौट रहे 62 वर्षीय विजय कुमार की तबीयत बिगड़ने से मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा मामला बाबा बकाला साहिब के पास गांव कोटली का है, जहां 33 वर्षीय अवतार सिंह की लू लगने से जान चली गई।
राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा:
- अमृतसर: 45.8°C
- गुरदासपुर: 44.5°C
- पटियाला: 43.6°C
- पठानकोट: 43.4°C
- अबोहर: 44.1°C
- जालंधर: 43.0°C
वहीं, राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 48°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक है। दूसरी ओर, हिमाचल के हिल स्टेशन भी दोपहर के वक्त गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं। हालांकि शाम को थोड़ी राहत मिल रही है। दिल्ली से जम्मू तक के इलाके और उत्तर भारत के कई हिस्से 13 जून तक रेड अलर्ट पर हैं। पाकिस्तान में भी लू का प्रभाव चरम पर है, जहां कई जिलों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
