करनाल/राकेश कुमार शर्मा-:करनाल में पैसों के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। महज छह हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए झगड़े में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। मामले में थाना शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के एक से दो घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों के सिर मुंडवाकर बाजार में पैदल ले जाने का वीडियो भी सामने आया है, जो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
लोहे के कड़े से किया गया था हमला
थाना शहर प्रभारी रामलाल के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। शुरुआत में युवक पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी मिली थी, लेकिन जांच के दौरान खुलासा हुआ कि हमला चाकू से नहीं, बल्कि लोहे के कड़े से किया गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कड़ा भी बरामद कर लिया है।
आरोपियों को पैदल ले जाने पर पुलिस ने बताई वजह
दोनों आरोपियों को सिर मुंडवाकर बाजार में पैदल ले जाने को लेकर थाना प्रभारी रामलाल ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस का आरोपियों को बाजार में घुमाने का कोई उद्देश्य नहीं था। उन्होंने बताया कि पुलिस वाहन में तकनीकी खराबी या क्लच प्लेट से जुड़ी समस्या आने के कारण आरोपियों को करीब 70 से 80 मीटर की दूरी तक पैदल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से घटनास्थल की निशानदेही करवाना भी जांच का हिस्सा था।
युवाओं को अपराध से दूर रहने की अपील
थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें नशे व आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक करें। उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कप्तान के निर्देशों पर लगातार गश्त की जा रही है और अपराधियों पर नजर रखी जा रही है।
