Ambala,18 October -अंबाला में आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से खास रहा। जिले को नया जिला परिषद चेयरमैन मिला, जब मक्खन सिंह लबाना ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने नए कार्यकाल की शुरुआत की।अंबाला के उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने उन्हें शपथ दिलाई।इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल और भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने मक्खन सिंह लबाना को औपचारिक रूप से कुर्सी पर बिठाकर पदभार ग्रहण करवाया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।हॉल में तालियों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ झलक रहा था।इस मौके पर चेयरमैन मक्खन सिंह लबाना ने भाजपा नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में जिले के विकास को नई दिशा देंगे।उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुँचाना और सड़क, नालों, स्कूलों और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना रहेगा।उन्होंने यह भी कहा कि जिला परिषद की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहेगी।
पूर्व मंत्री असीम गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं है, और अंबाला जिले के लिए मुख्यमंत्री के पास “विशेष कलम” है।उन्होंने कहा कि जिले में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट्स को तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने कहा कि मक्खन सिंह लबाना एक जुझारू और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो संगठन को और मजबूत करने के साथ जनता की भलाई के लिए काम करेंगे।