हमीरपुर,11 फरवरी-:हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक न्यायिक अधिकारी को ही ठगों ने अपना शिकार बना लिया। आरोप है कि म्यूचुअल फंड और मनी बैक जैसी योजनाओं में अधिक रिटर्न का झांसा देकर उनसे करीब छह लाख रुपये की ठगी की गई।
जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में एक महिला ने फोन कर खुद को बैंक अधिकारी बताया और कहा कि उनका बैंक खाता निष्क्रिय है, जिसे सक्रिय करने के लिए 2,360 रुपये जमा कराने होंगे। अधिकारी ने बताए गए खाते में राशि जमा कर दी। इसके बाद महिला ने एक निवेश योजना में 10,000 रुपये लगाने का सुझाव दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
कुछ समय बाद उन्हें अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया और एक अन्य महिला ने संपर्क कर खुद को एक फाइनेंस कंपनी की अधिकारी बताया। उसने एप्पल एप स्टोर से एक एप डाउनलोड करवाया और निवेश के नाम पर उन्हें विश्वास में लेकर कुल मिलाकर करीब छह लाख रुपये निवेश करवा लिए।
बाद में 11 लाख रुपये और निवेश करने का प्रस्ताव दिया गया। इस पर न्यायिक अधिकारी को संदेह हुआ और उन्होंने योजना की सत्यता के बारे में जानकारी मांगी। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित बैंक खाते शिमला जिले के एसबीआई बैंक में होने के कारण बैंक से रिकॉर्ड जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ठगी गई रकम को आरोपियों के खातों में फ्रीज कराने का प्रयास कर रही है, ताकि राशि वापस ली जा सके।एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
