शिमला, 21 फरवरी-:नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित AI इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी ने इस घटना को अनुचित बताते हुए देशभर में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू किए हैं। इसी कड़ी में शिमला में भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
हिमाचल भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री सुशील कड़शोली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार का हंगामा देश की छवि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन सुनियोजित था। उनके अनुसार, AI इंपैक्ट समिट में कई देशों के प्रतिनिधि, उद्योग जगत से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद थे।कड़शोली ने कहा कि ऐसे वैश्विक मंच पर व्यवधान उत्पन्न करना दुर्भाग्यपूर्ण है और जिम्मेदार राजनीतिक नेतृत्व को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए। भाजपा युवा मोर्चा ने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व इस घटना पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
