शिमला, संजू-:हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में अब रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू हो गई है। इस नई तकनीक की शुरुआत प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह की मौजूदगी में हुई। मुख्यमंत्री ने खुद ऑपरेशन थिएटर में जाकर रोबोटिक सर्जरी की प्रक्रिया को देखा और डॉक्टरों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक इस तरह की आधुनिक और महंगी सर्जरी केवल निजी अस्पतालों में ही उपलब्ध होती थी, लेकिन अब प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में भी यह सुविधा लोगों को मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्पेशल वार्ड में भर्ती मरीजों को रोबोटिक सर्जरी के लिए करीब 50 हजार रुपये और सामान्य वार्ड के मरीजों को लगभग 30 हजार रुपये का भुगतान करना होगा।उन्होंने यह भी बताया कि सरकार हिमकेयर कार्ड के तहत रोबोटिक सर्जरी को शामिल करने की संभावना पर रिपोर्ट मंगा चुकी है, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को इसका लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की जा रही है और आने वाले समय में हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में भी इसे शुरू किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने राजनीतिक सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में इसकी चर्चा नई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी कई गुटों में बंटी हुई है और इन दिनों केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आपदा के समय भाजपा ने प्रदेश का साथ नहीं दिया और न ही राजस्व घाटा अनुदान की बहाली के लिए कोई ठोस प्रयास किया।
