बिलासपुर, सुभाष -:हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा जिला अध्यक्ष रामपाल चौधरी के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला जलाकर आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रामपाल चौधरी ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए महिला आरक्षण विधेयक को संसद में पारित कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने इस महत्वपूर्ण बिल का विरोध कर महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया है।चौधरी ने बताया कि भाजयुमो के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर पूरे देश में जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं। इसी क्रम में बिलासपुर में भी यह आंदोलन किया गया, जिसमें जिला टीम, मंडल अध्यक्षों, महामंत्रियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।उन्होंने आगे कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री मोदी देश के विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और उसके सहयोगी दल महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने की कोशिश कर रहे हैं। चौधरी ने इसे मातृशक्ति के सम्मान के खिलाफ बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को दुर्गा स्वरूप माना जाता है, लेकिन कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इस सम्मान को ठेस पहुंचा रही है।उन्होंने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के वादों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 1500 रुपये देने के नाम पर महिलाओं को गुमराह किया गया है। अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन ने अपना रुख नहीं बदला, तो भविष्य में और बड़े स्तर पर आंदोलन किए जाएंगे।
