मंडी, धर्मवीर -सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण को लेकर लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। क्षेत्र के गोपालपुर वार्ड के ग्रामीणों ने गोपालपुर-बतालड़ी सड़क के 20 वर्षों से अधूरे पड़े रहने के विरोध में पंचायत चुनावों के बहिष्कार का ऐलान किया है। बुधवार को करीब 40 ग्रामीणों, जिनमें महिला मंडल बतालड़ी की सदस्याएं भी शामिल थीं, ने उपमंडलाधिकारी सरकाघाट को हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में 13 अप्रैल को गांव नैण की छात्रा सिया की बेरहमी से हुई हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। उनका आरोप है कि यदि गांव तक जाने वाली बस सेवा पिछले एक महीने से बंद न होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। इस घटना के बाद से लोगों में अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है।ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव के करीब 14 बच्चे रोजाना गोपालपुर पाठशाला जाने के लिए लगभग 2 किलोमीटर पैदल सुनसान रास्ते से गुजरते हैं, जो बेहद जोखिम भरा है। इसके अलावा, रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को इसी मार्ग से आना-जाना पड़ता है, जिससे हर समय असुरक्षा का माहौल बना रहता है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर चुनाव में नेताओं द्वारा सड़क निर्माण का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं होता और उस पर यातायात शुरू नहीं होता, तब तक वे किसी भी चुनाव में भाग नहीं लेंगे।यह मुद्दा अब केवल सड़क का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा बन चुका है।
