अम्बाला-:केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा रविवार को दिल्ली से शताब्दी एक्सप्रेस के जरिए अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके स्वागत के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी पहले से ही रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। सुबह करीब 10:20 बजे जैसे ही शताब्दी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जेपी नड्डा का स्वागत किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी रेलवे स्टेशन पहुंचे और पार्टी के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। कार्यकर्ताओं के उत्साह से रेलवे स्टेशन का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर बनाए रखी।स्वागत कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पूर्व मंत्री असीम गोयल, भाजपा नेत्री नीता खेड़ा, बंतो कटारिया समेत कई वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।रेलवे स्टेशन से स्वागत समारोह के बाद जेपी नड्डा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ भारी काफिले में अंबाला शहर के लिए रवाना हुए। दोनों नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निर्धारित स्थल पहुंचे, जहां विभिन्न आयोजनों में भाग लेने का कार्यक्रम तय था। इस दौरान प्रशासन ने पूरे रूट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। भाजपा कार्यकर्ताओं में केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
