राहुल चावला,धर्मशाला-:कांगड़ा जिले में मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के बीच खड्डों और नालों के बढ़ते जलस्तर को लेकर पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है।बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में पानी का बहाव कभी भी अचानक तेज हो सकता है।इसके बावजूद कुछ पर्यटक और श्रद्धालु खतरनाक स्थानों पर पहुंचकर फोटोशूट और शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं।सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कुछ लोग खड्ड के बीच पानी में खड़े होकर फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं,जबकि कुछ लोग खड्ड के किनारे बैठकर शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं।पुलिस ने ऐसी गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए लोगों से मानसून के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
कांगड़ा एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि धौलाधार क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण खड्डों और नालों में जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।उन्होंने कहा कि कांगड़ा मंदिर के बाणगंगा घाट,चामुंडा नंदिकेश्वर धाम और बैजनाथ धाम समेत कई धार्मिक स्थलों के आसपास श्रद्धालु खड्डों में स्नान के लिए उतर जाते हैं।जबकि प्रशासन की ओर से सुरक्षित स्नान के लिए अलग से स्नानागार बनाए गए हैं।एएसपी ने कहा कि खड्ड में पानी का बहाव बढ़ने पर कुछ ही मिनटों में स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है और व्यक्ति के बहने का खतरा रहता है।वहीं,सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से नदी-नालों व खड्डों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।पुलिस का कहना है कि मानसून में किया गया एक लापरवाह फोटोशूट जिंदगी पर भारी पड़ सकता है।
