शिमला,संजू-:शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर हिमाचल प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को जिला परिषद सदस्यों को पंचकूला ले जाने के बजाय उनके साथ धरने पर बैठना चाहिए था।मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला परिषद सदस्यों का चुनाव होना तय है और जल्द ही चुनाव की तारीख भी घोषित की जाएगी।सोमवार को मुख्यमंत्री आवास से नेरवा में नवनिर्मित अग्निशमन चौकी का वर्चुअल लोकार्पण करने के बाद मीडिया से बातचीत में सुक्खू ने कहा कि शिमला उपायुक्त की ओर से जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई थी। भाजपा के जिला परिषद सदस्य बैठक में शामिल होने के बजाय पंचकूला चले गए। उन्होंने कहा कि प्रशासन सदस्यों के बैठक में पहुंचने का इंतजार करता रहा,लेकिन सदस्य वहां नहीं पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि आखिर ऐसी क्या वजह है कि जिला परिषद सदस्यों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा है और अलग-अलग होटलों में रखा जा रहा है। उन्होंने जयराम ठाकुर से सवाल किया कि भाजपा को किस बात का डर सता रहा है।सुक्खू ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष वास्तव में जिला परिषद सदस्यों के हितों को लेकर चिंतित हैं तो उन्हें सदस्यों के साथ धरने पर बैठना चाहिए था।यह सदस्यों को पंचकूला ले जाने से कहीं बेहतर होता।मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों की अहमियत केवल अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव तक सीमित रह जाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी और स्थिति जल्द स्पष्ट हो जाएगी।इससे पहले मुख्यमंत्री ने नेरवा में नवनिर्मित अग्निशमन चौकी का वर्चुअल उद्घाटन किया और दो दमकल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने नेरवा दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में अग्निशमन वाहन की आवश्यकता महसूस की थी।इसी जरूरत को देखते हुए वर्ष 2024 में की गई घोषणा को अब पूरा किया गया है।सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार अग्निशमन विभाग को आधुनिक बनाने के लिए करीब 55 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में आपदा एवं अग्निशमन सेवाओं को मजबूत करना है,ताकि जरूरत के समय लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
