शिमला,संजू-:शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिमाचल,पंजाब,हरियाणा और गुजरात तक फैले अंतर्राज्यीय चिट्टा तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए तीन अहम मामलों में बड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1.120 किलोग्राम हाई-ग्रेड हेरोइन बरामद की है।वहीं, जांच एजेंसियों से बचकर अबू धाबी भागने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया।
एएसपी मेहर पंवर के मुताबिक, पहले मामले में स्पेशल सेल ने 3 अगस्त को शोघी के पास विजय कुमार को 1.120 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा था।जांच में पंजाब के तरनतारन निवासी शुभकरमन सिंह उर्फ सुल्तान और अंबाला के नारायणगढ़ निवासी आजाद सिंह की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक आजाद सिंह पासपोर्ट और टूरिस्ट वीजा के जरिए UAE भागने की तैयारी में था। शिमला पुलिस ने गुजरात पुलिस के सहयोग से अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उसे गिरफ्तार कर लिया।जांच में आरोपियों के बीच Signal App के जरिए संपर्क किए जाने की बात भी सामने आई है।दूसरे मामले में जुब्बल पुलिस ने लोकेशन-बेस्ड डिलीवरी मॉड्यूल का खुलासा किया। 15 जुलाई को 9.57 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़े गए रविन्द्र कुमार की निशानदेही पर 13 स्थानों पर दबिश देकर 14.53 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा बरामद किया गया। इस मामले में कुल बरामदगी 24.10 ग्राम हुई। जांच के बाद अंबाला निवासी सन्नी सिंह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हिमाचल, पंजाब और हरियाणा में NDPS एक्ट के सात मामले दर्ज हैं।तीसरे मामले में सदर थाना शिमला ने 25 अगस्त को अमृतसर निवासी मुख्य आरोपी करण को गिरफ्तार किया।यह मामला 6.360 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुआ था।वित्तीय जांच में आरोपी सागर के खातों से करण के HDFC समेत अन्य खातों में करीब 3 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला। पुलिस ने इसी वित्तीय कड़ी के आधार पर करण तक पहुंच बनाई।
