शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश के ज़िला चंबा के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डीएस ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए प्रदेश की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला चंबा के भलेई कॉलेज को बंद करने की कोशिश की गई,लेकिन सरकार इस मुद्दे पर उठ रहे सवालों का जवाब देने में नाकाम है।डीएस ठाकुर ने कहा कि डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से खिलवाड़ किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य ठप हैं और स्कूल-कॉलेजों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से किए जा रहे विकास के दावे पूरी तरह फेल साबित हो रहे हैं।
भलेई कॉलेज को लेकर आंदोलन कर रहे बच्चों के अभिभावकों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की भी विधायक ने मांग की।उन्होंने कहा कि छात्र अपने कॉलेज को बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं,ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है।उन्होंने कहा कि सरकार अपनी बात पर स्थिर नहीं रहती है।विधायक ने एचआरटीसी के रूट बंद किए जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि रूट बंद होने से आम जनता को परेशानी हो रही है और लोगों की जेब पर बोझ डालने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डलहौज़ी में स्वास्थ्य सेवाओं के हालात भी बेहद खराब हैं।डीएस ठाकुर ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसकी हालत बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के रवैये से जनता परेशान हो रही है और लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
