यमुनानगर: जिले में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम अब साढौरा विधानसभा क्षेत्र के बिजौली गांव में नया मोड़ ले चुकी है। गांव के सरपंच साजिद खान, जो लंबे समय से नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं,उन पर ही नशा फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि नशा तस्करों की ओर से सरपंच के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है।शिकायत सामने आने के बाद सरपंच साजिद खान ने गांव में महापंचायत बुलाई। महापंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ आसपास के क्षेत्रों के मौजिज लोग भी पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने सरपंच के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी। ग्रामीणों का कहना था कि सरपंच ने जिम्मेदारी संभालने के बाद गांव में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रयास किए हैं।
महापंचायत में ग्रामीणों ने कहा कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। वहीं करीब 30 गांवों के सरपंचों ने भी एकजुटता दिखाते हुए हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र पुलिस अधीक्षक को सौंपा। मांग पत्र में नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने और नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई।अब पूरे मामले में पुलिस जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। सरपंच पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हालांकि सरपंच साजिद खान ने साफ कर दिया है कि शिकायत और आरोपों के बावजूद नशे के खिलाफ उनकी मुहिम जारी रहेगी।
।
