शिमला,संजू-:मुख्यमंत्री के हालिया बयान पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी को लेकर लगातार प्रयोग कर रही है,लेकिन जनता ने हर बार उनके नेतृत्व को स्वीकार नहीं किया। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि राहुल गांधी की अब तक लगभग 13 बार राजनीतिक लॉन्चिंग की जा चुकी है,मगर हर प्रयास के बाद उन्हें निराशा ही हाथ लगी।जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस जितनी बार राहुल गांधी को नए तरीके से राजनीतिक तौर पर आगे बढ़ाने की कोशिश करती है, उतनी ही बार जनता अपने फैसले से उन्हें जवाब देती है।उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जब तक राहुल गांधी कांग्रेस के नेतृत्व में सक्रिय रहेंगे,तब तक भारतीय जनता पार्टी को राजनीतिक लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने कांग्रेस को अपनी नेतृत्व रणनीति पर गंभीरता से विचार करने की सलाह दी।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री के धरने में शामिल होने के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के संवैधानिक पद पर आसीन होते हैं और जनता उनसे प्रशासन तथा प्रदेश की समस्याओं के समाधान की अपेक्षा करती है।ऐसे में मुख्यमंत्री का स्वयं धरने में शामिल होना उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलन का हिस्सा बनने के बजाय बातचीत और लोकतांत्रिक माध्यमों से समस्याओं का समाधान करना चाहिए।पेंशनरों के आंदोलन को लेकर जयराम ठाकुर ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पेंशनर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठा रहे हैं।उम्रदराज पेंशनरों को अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़े, यह सरकार के लिए चिंता का विषय होना चाहिए।उन्होंने कहा कि विपक्ष पेंशनरों की समस्याओं और मांगों को विधानसभा में मजबूती से उठाएगा। सरकार को पेंशनरों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान निकालना चाहिए।
