कुरुक्षेत्र-:अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थानम में धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संवाद किया।बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव केवल सरकारी आयोजन न रहकर जन-जन के सहयोग से सामूहिक उत्सव बने,इसके लिए सभी संस्थाओं और नागरिकों को सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीता महोत्सव को दीपावली पर्व की तरह उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाए,ताकि पूरे कुरुक्षेत्र और आसपास के क्षेत्र में गीतामय वातावरण तैयार हो।उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से आह्वान किया कि महोत्सव के दौरान गीता पाठ,भजन,प्रवचन,शोभायात्रा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।उन्होंने कहा कि गीता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए और इसे सामाजिक सहभागिता का बड़ा पर्व बनाया जाए।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 48 कोस की परिधि में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से इस अभियान में भी बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज,भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा सहित कुरुक्षेत्र जिले की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
