शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध समाजसेवी सर्वजीत सिंह बॉबी को लोकप्रिय टीवी शो’कौन बनेगा करोड़पति'(KBC) के मंच पर विशेष सम्मान से नवाजा गया है।बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘फोर्स ऑफ गुड अवॉर्ड’ प्रदान किया।10 नवंबर को प्रसारित हुए एपिसोड में बॉबी के सेवा कार्यों पर आधारित एक विशेष रील भी दिखाई गई,जिसमें उनके वर्षों के सामाजिक योगदान को दर्शाया गया।
सर्वजीत सिंह बॉबी ने बताया कि पिछले महीने KBC की टीम शिमला पहुंची थी और उनके सेवा कार्यों को रिकॉर्ड किया था। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से वह प्रतिदिन करीब 4 हजार जरूरतमंद लोगों तक भोजन और अन्य सहायता पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा पिछले 28 वर्षों से डेड बॉडी वैन के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद कर रहे हैं।इन्हीं सेवाओं के लिए उन्हें यह सम्मान मिला है।उन्होंने इसे पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया।बॉबी ने अमिताभ बच्चन से मुलाकात को अपने जीवन का सबसे यादगार अनुभव बताया।उन्होंने कहा कि जब वह अमिताभ बच्चन के पैर छूने लगे तो महानायक ने खुद उनके पैर छूकर सम्मान दिया।उनकी सादगी और विनम्रता ने दिल जीत लिया।उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने सहयोगियों और सेवा कार्यों में साथ देने वाली पूरी टीम को दिया।
वहीं,सर्वजीत सिंह बॉबी ने चमियाना अस्पताल के पास लंगर लगाने के लिए जगह उपलब्ध न करवाने पर सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है।इसके बावजूद लंगर के लिए जगह नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह इस मुद्दे पर धरना या भूख हड़ताल नहीं करेंगे। जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना उनका उद्देश्य है और इसके लिए वह वैन या अन्य माध्यमों का सहारा लेंगे।इसी बीच उन्होंने शिमला के मेंटल हॉस्पिटल में मुफ्त लंगर शुरू करने का ऐलान किया। बॉबी के अनुसार, वहां मरीजों और उनके साथ आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लंगर शुरू करने से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलेगी।इसके अलावा उन्होंने हिमकेयर योजना को बंद करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को योजना बंद करने के बजाय उसकी खामियों को दूर करना चाहिए।योजना के तहत सामने आई अनियमितताओं और पुरुषों की बच्चेदानी के ऑपरेशन जैसे गंभीर मामलों में केवल बयानबाजी करने के बजाय जिम्मेदार लोगों और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए।बॉबी ने कहा कि कोई भी जनकल्याणकारी योजना बंद नहीं होनी चाहिए, बल्कि हर सरकार को उसमें सुधार कर आम जनता के हित में बेहतर बनाना चाहिए।
