शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद सोमवार को मौसम साफ हो गया है।हालांकि,प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान एक बार फिर मौसम बिगड़ने के आसार हैं।मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार,पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से रविवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई।हमीरपुर के नेरी में सबसे अधिक बारिश हुई,जबकि कांगड़ा और शिमला में भी जमकर बादल बरसे।बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के मुताबिक,कई क्षेत्रों में तापमान 6 से 11 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया,जबकि चंबा में पारा 14 डिग्री तक लुढ़क गया।वहीं,कुकुमसेरी में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है।ऐसे में प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है।सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक ठंड का सामना करना पड़ सकता है।मौसम विभाग ने 13 से 15 अक्टूबर तक प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फिर बारिश होने की संभावना जताई है।इसके बाद 16 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने और धीरे-धीरे सामान्य स्थिति लौटने के आसार हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है।
