राहुल चावला,धर्मशाला-:जिला कांगड़ा में पैराग्लाइडिंग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। खराब मौसम के दौरान उड़ान भरने वाले पैराग्लाइडर ऑपरेटरों और पायलटों पर अब पुलिस की पैनी नजर रहेगी।एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि पर्यटकों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों के साथ पहले भी बैठक की जा चुकी है।सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से इसी सप्ताह दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले खराब मौसम के दौरान भी पैराग्लाइडिंग गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी।पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्थिति पर नजर रखी। शाम के समय उड़ान भर रहे पैराग्लाइडरों को रुकवाने के लिए थाने की टीम मौके पर भेजी गई।इसके बाद संबंधित ऑपरेटरों को एडवाइजरी जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।एसपी ने कहा कि सभी पैराग्लाइडिंग पायलटों का पंजीकरण जिला पर्यटन अधिकारी के पास होता है।पुलिस प्रशासन पर्यटन विभाग और ऑपरेटरों के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है,ताकि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो सके।उन्होंने दोहराया कि खराब मौसम में पैराग्लाइडिंग करना जानलेवा साबित हो सकता है।ऐसे में नियमों की अनदेखी करने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ बिना देरी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और संभावित हादसों को रोकना है।
