बिलासपुर,सुभाष-:गोबिंद सागर झील के किनारे स्थित लुहणु क्रिकेट मैदान में 18 से 21 अक्टूबर तक रणजी ट्रॉफी के मुकाबले खेले जाएंगे।इस चार दिवसीय मुकाबले में हिमाचल प्रदेश और मुंबई की टीमें आमने-सामने होंगी।लंबे समय बाद बिलासपुर में राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है,जिससे जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।मैच के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बिलासपुर क्रिकेट संघ की ओर से खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुकाबले के दौरान क्रिकेट प्रेमियों को बेहतरीन खेल देखने का अवसर मिलेगा। दोनों टीमों के बीच होने वाली भिड़ंत को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों और युवा क्रिकेटरों में विशेष उत्सुकता है।
गौरतलब है कि इस मुकाबले का आयोजन पहले धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित था, लेकिन वहां आउटफील्ड को दुरुस्त करने का कार्य चलने के कारण अब इसकी मेजबानी बिलासपुर को सौंपी गई है। इससे स्थानीय स्तर पर क्रिकेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही जिले को राष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर पहचान बनाने का अवसर भी मिलेगा।
स्कूली विद्यार्थियों को भी मैच देखने के लिए भेजे निमंत्रण
बिलासपुर क्रिकेट संघ की ओर से स्थानीय स्कूलों के विद्यार्थियों को भी मैच देखने के लिए निमंत्रण भेजे गए हैं।इसका उद्देश्य बच्चों और युवाओं को क्रिकेट के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को करीब से देखने का अवसर प्रदान करना है।विद्यार्थी मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर सकेंगे।लुहणु मैदान में होने वाले इस मुकाबले से शहर में खेल गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।चार दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट आयोजन को लेकर दर्शकों में अभी से उत्सुकता बनी हुई है।
