बिलासपुर,सुभाष-:हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी में शारदीय नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ रही है।देशभर से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंच रहे हैं और अपनी श्रद्धा व सामर्थ्य के अनुसार मां के चरणों में चढ़ावा अर्पित कर रहे हैं।इसी कड़ी में दिल्ली के कारोबारी प्रवेश गर्ग ने परिवार सहित मां श्री नैना देवी जी के दरबार में माथा टेका।मनोकामना पूर्ण होने पर उन्होंने माता रानी के चरणों में सोने के आभूषणों का सेट भेंट किया। इस सेट में सोने का हार, टीका, झुमके, नथ और माता रानी के नेत्र शामिल हैं।
स्थानीय पुजारी रिंकू शर्मा ने बताया कि दिल्ली निवासी कारोबारी प्रवेश गर्ग की मनोकामना पूरी हुई थी।इसके बाद उन्होंने परिवार सहित माता रानी के दरबार में पहुंचकर सोने के आभूषण अर्पित किए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपनी नेक कमाई से मां के चरणों में भेंट चढ़ाते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगते हैं।वहीं,मंदिर के पूर्व न्यासी राजेश चौधरी ने बताया कि प्रवेश गर्ग ने परिवार के साथ माता रानी के दर्शन कर अपनी श्रद्धा के अनुसार सोने का आभूषण सेट भेंट किया।उन्होंने माता रानी से प्रार्थना की कि मां की कृपा सभी श्रद्धालुओं और उनके परिवारों पर सदैव बनी रहे।
