मंडी/धर्मवीर-छोटी काशी मंडी निवासी साइकिलिस्ट जसप्रीत पाल हिमाचल प्रदेश के पहले बाइसिकल मेयर बन गए हैं।उन्हें अंतरराष्ट्रीय संगठन बीवाईसीएस द्वारा हिमाचल प्रदेश का पहला बाइसिकल मेयर नियुक्त किया गया है।बता दें कि बीवाईसीएस नीदरलैंड स्थित एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है,जो साइकिलिंग को बढ़ावा देने और शहरों को अधिक साइकिल-अनुकूल बनाने के लिए स्थानीय नेतृत्व तथा समुदायों को जोड़ने का काम करता है।जसप्रीत पाल ने हिमाचल प्रदेश के दुर्गम पहाड़ी मार्गों पर 33 हजार किलोमीटर से अधिक साइक्लिंग की है और 7.5 लाख मीटर से अधिक का एलिवेशन गेन किया है।
चांसल,साच पास,कुंजुम,बारालाचा ला,जलोड़ी जोत और शिंकुला जैसे चुनौतीपूर्ण मार्गों पर उनकी साइकिलिंग यात्राएं उनके अनुभव और पहाड़ों के प्रति समर्पण को दर्शाती हैं।वर्ष 2024 में जसप्रीत पाल ने शिमला से ताशिगंग तक लगभग 640 किलोमीटर की साइक्लिंग यात्रा के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। ताशिगंग विश्व के सबसे ऊँचे मतदान केंद्र के रूप में प्रसिद्ध है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2024 में उन्हें स्टेट इलेक्शन आईकन की भूमिका सौंपी गई थी।जसप्रीत ने अपनी नियुक्ति के लिए बीवाईसीएस का आभार जताया है।जसप्रीत पाल ने बताया कि बाइसिकल मेयर के रूप में उनका प्रमुख उद्देश्य मंडी में साइकिलिंग समुदाय को मजबूत करना और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना है।वे विशेष रूप से विद्यार्थियों,युवाओं,स्कूल-कॉलेज समुदायों,परिवारों,ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और पहली बार साइकिल चलाने वालों को प्रोत्साहित करना चाहते हैं।उनका प्रयास रहेगा कि साइक्लिंग को केवल अनुभवी साइक्लिस्टों या प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखा जाए,बल्कि इसे दैनिक जीवन में स्वास्थ्य,फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली के साधन के रूप में अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए।
डीसी मंडी ने दी बधाई
प्रदेश का पहला बाइसिकल मेयर बनने के बाद जसप्रीत पाल ने डीसी मंडी अपूर्व देवगन से मुलाकात की।डीसी मंडी ने उन्हें इस नियुक्ति के लिए बधाई दी और उनके साइकिलिंग क्षेत्र में अब तक के योगदान की सराहना की।उन्होंने उम्मीद जताई कि जो दायित्व उन्हें मिला है उसके माध्यम से वे समाज के लिए अपना अहम योगदान अदा करेंगे।बता दें कि इस अंतर्राष्ट्रीय संगठन के भारत के अन्य सभी राज्यों में बाइसिकल मेयर नियुक्त हैं।यह वे लोग हैं जो अपने क्षेत्र में साइकिलिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में इस संगठन का कोई बाइसिकल मेयर नहीं था। अब जसप्रीत पाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
