धर्मशाला-:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर धर्मशाला के तपोवन विधानसभा परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं। 16 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सत्र के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग ने भवन और परिसर को व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए काम तेज कर दिया है।विभागीय टीमें दिन-रात मरम्मत,रंग-रोगन,साफ-सफाई और पॉलिशिंग के कार्य में जुटी हुई हैं।
लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी विधानसभा भवन के अंदरूनी और बाहरी हिस्सों में पेंटिंग,डिस्टेंपरिंग,पॉलिशिंग सहित अन्य जरूरी मरम्मत कार्य कर रहे हैं।विभाग का प्रयास है कि सत्र शुरू होने से पहले परिसर की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाए।लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दशविंदर पाल ने बताया कि निर्धारित समय सीमा को ध्यान में रखते हुए काम तेजी से करवाया जा रहा है।विभाग का लक्ष्य 11 से 12 नवंबर तक सभी कार्य पूरे करने का है।इसके लिए कर्मचारियों की टीमें दिन और रात दोनों शिफ्टों में काम कर रही हैं,ताकि विधानसभा सत्र के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
