शिमला/संजू-हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सरकार की तैयारियों का जायजा लेते हुए विपक्षी बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को चुनौती देते हुए कहा कि बीजेपी विधायक सदन में हर मुद्दे पर खुलकर चर्चा करें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं।उन्होंने कहा कि विपक्ष को बार-बार वॉकआउट करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगना चाहिए।मुख्यमंत्री सुक्खू ने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष दबाव में हैं और बीजेपी विधायक दल के भीतर भी उनके खिलाफ नाराजगी है।उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन की कार्यवाही में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए,ताकि प्रदेश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।
वहीं,शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ को बेचने के नेता प्रतिपक्ष के आरोपों को मुख्यमंत्री ने सिरे से खारिज कर दिया।उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पीटरहॉफ को बेचने नहीं जा रही,बल्कि इसके ऐतिहासिक स्वरूप और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जीर्णोद्धार करवा रही है।मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर इस मामले में जनता को गुमराह कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल के हितों से कोई समझौता नहीं करती। पीटरहॉफ के जीर्णोद्धार के बाद नए भवन में करीब 100 कमरे होंगे।इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब पर भी प्रतिक्रिया दी।उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने यह किताब पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ लिखी है, जिसे बाजार में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।किताब में उनके परिवार और देश से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं काउल्लेख किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोनिया गांधी की सास और उनके पति ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
