राहुल चावला,धर्मशाला-:धर्मशाला में राजकीय डिग्री कॉलेज के शताब्दी समारोह में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हिमाचल के अधिकारों, किसानों के हितों और केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अनुराग ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस की गारंटियां पूरी तरह नाकाम रही हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता में लाकर विकास का नया अध्याय शुरू करेगी।
धर्मशाला के ऐतिहासिक सफर की सराहना करते हुए कहा कि वर्ष 1912 में स्थापित यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कॉलेज के शताब्दी समारोह के आयोजन के लिए उन्होंने ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पूर्व विद्यार्थियों को अपनी पुरानी यादों को ताजा करने और संस्थान से दोबारा जुड़ने का अवसर देते हैं। हिमाचल के अधिकारों को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश को उसका हक दिलाने के लिए भाजपा ने आंदोलन से लेकर अदालतों और केंद्र सरकार तक लगातार आवाज उठाई है। उन्होंने 7.19 प्रतिशत हिस्सेदारी और एरियर के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा हिमाचल के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने किसाऊ बांध और बीबीएमबी के मामलों में केंद्र सरकार के फैसलों को भी प्रदेश के हित में बताया।साथ ही आरोप लगाया कि यूपीए सरकार ने हिमाचल का औद्योगिक पैकेज समाप्त किया था, जबकि मोदी सरकार ने प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दोबारा दिया।
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत किसानों को अब तक करीब 4 लाख 80 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि एमएसपी पर खरीद के लिए भी पिछले वर्ष के मुकाबले 23 हजार करोड़ रुपये अधिक मंजूर किए गए हैं। उनके मुताबिक, मोदी सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल पर करीब 1 लाख 12 हजार करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है और कांग्रेस की गारंटियां जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और हिमाचल को दोबारा विकास की राह पर आगे बढ़ाया जाएगा।
