मंडी,धर्मवीर-:सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कुछ भाजपा नेता जयराम ठाकुर को नेता विपक्ष के पद से हटाना चाहते हैं और इसके लिए दिल्ली में लॉबिंग करने में लगे हुए हैं। यह बात उन्होंने आज मंडी में चिट्टा मुक्त हिमाचल के तहत आयोजित वॉकथॉन में भाग लेने के बाद मीडिया से बातचीत में कही। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास इसकी पुख्ता जानकारी है।हिमाचल में भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और जयराम ठाकुर पर इस वक्त विधायकों को बहुत ज्यादा दबाव है।जयराम सांमजस्य बैठाने की कोशिश तो कर रहे हैं लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल रही है।उन्होंने कहा कि आने वाले शीतकालीन सत्र के लिए प्रदेश सरकार पूरी तरह से तैयार है।विधायकों को अपने सवाल पूछने के लिए पूरा समय दिया जाएगा। लेकिन विपक्ष के विधायक जबाव सुनने के लिए भी तैयार रहें और वॉकआउट न करें तो बेहतर रहेगा।
चिट्टा मुक्त हिमाचल खेलों के लिए 10 हजार रजिस्ट्रेशन
सीएम सुक्खू ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार चिट्टा मुक्त हिमाचल खेलों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें 8 खेलों का आयोजन होगा। इसके लिए अभी तक पूरे प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।राज्य स्तर पर विजेता रहने वाली टीम को 31 लाख,उपविजेता को 21 लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 लाख की धनराशि दी जाएगी।
भाजपा ने लागू नहीं किया पिट एनडीपीएस एक्ट
सीएम सुक्खू ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार अपने कार्यकाल में पिट एनडीपीएस एक्ट को लागू नहीं कर पाई जबकि उन्होंने सीएम बनते ही दो महीनों के भीतर इसे लागू कर दिया।इस कानून के तहत चिट्टे के सप्लायर को 6 महीने कारावास और उसकी संपत्ति को अटैच करने का सख्त प्रावधान है। उन्होंने बताया कि जब से वे सीएम बने हैं तब से चिट्टे के कारोबार में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है।
विपक्ष के न आने पर सीएम ने कसा तंज
मंडी में आयोजित चिट्टा मुक्त हिमाचल वॉकथॉन में हजारों युवाओं और लोगों ने भाग लिया।धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर और मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा के अलावा जिला से भाजपा का कोई दूसरा विधायक इसमें शामिल नहीं हुआ। सीएम सुक्खू ने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल के तहत यह छठा बड़ा आयोजन था, जिसमें विपक्ष के विधायकों को बीना निमंत्रण के ही आ जाना चाहिए था। प्रदेश सरकार का यही प्रयास है कि हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाया जाए। इस दौरान उन्होंने जिला पुस्तकालय के नए भवन की आधारशिला भी रखी।
