शिमला,संजू-:सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व राजधानी शिमला में पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर शहर के पुराने बस अड्डे के समीप स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गुरुद्वारे में मत्था टेकने के लिए संगत की भीड़ उमड़ी और गुरबाणी के मधुर कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर नजर आया। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य पर विशेष धार्मिक दीवान सजाए गए,जहां श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं, गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया गया।
प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा सिंह सभा में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। सुबह सुखमनी साहिब के पाठ और अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।इसके बाद आसा दी वार के कीर्तन ने संगत को भावविभोर कर दिया। दमदमा साहिब से पहुंचे भाई निर्भय सिंह और अमृतसर के प्रचारक भाई हरदीप सिंह ने गुरबाणी कीर्तन और गुरु इतिहास पर अपने विचार साझा किए।वहीं,हजूरी रागी जत्थे और स्त्री सत्संग जत्थे की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।इस दौरान गुरुद्वारा सिंह सभा के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ने समस्त संगत को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने अपनी शिक्षाओं के माध्यम से पूरी दुनिया को मानवता, प्रेम,समानता और आपसी भाईचारे का रास्ता दिखाया।गुरु साहिब ने हमेशा जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव का विरोध करते हुए सभी को एक समान मानने की सीख दी।उन्होंने कहा कि लंगर की परंपरा भी इसी विचारधारा को आगे बढ़ाती है,जहां हर व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर भोजन करता है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती हैं।
