चंडीगढ़-:पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ के मालिकाना हक को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी और आधे-अधूरे नोटिफिकेशन के आरोपों पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर तंज कसा। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब में BJP और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर भी अपनी बात रखी।कटारिया मंगलवार को सेंटर फॉर रिसर्च इन रूरल एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (CRRID), चंडीगढ़ के नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह में उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया। इस हॉल में 100 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ हुई।इस अवसर पर पंजाब की पूर्व मुख्य सचिव एवं CRRID की गवर्निंग बॉडी की चेयरपर्सन विनी महाजन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान के दशकों पुराने शैक्षणिक योगदान,नीतिगत परामर्श और क्षमता निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।राज्यसभा सांसद एवं ट्राइडेंट ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता ने CRRID के साथ अपने लंबे जुड़ाव को साझा किया।उन्होंने सामाजिक मुद्दों पर संस्थान द्वारा किए जा रहे शोध और अकादमिक संवाद को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।CRRID सोसाइटी के अध्यक्ष एवं भारत सरकार के पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री प्रो.मुरली मनोहर जोशी ने संस्थान की उपलब्धियों और इसके विकास में योगदान देने वाली प्रतिष्ठित हस्तियों को याद किया।उन्होंने कहा कि नया कॉन्फ्रेंस हॉल देश के इतिहास,विरासत और सामाजिक विषयों पर सार्थक विमर्श का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।अपने संबोधन में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने CRRID को उत्तर भारत का महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र बताते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का संदेश आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है।’किरत करो,वंड छको और नाम जपो’के सिद्धांतों में मानवीय दृष्टिकोण के साथ समग्र विकास की भावना निहित है।उन्होंने CRRID के संस्थापकों और संस्थान का नेतृत्व करने वाली प्रतिष्ठित हस्तियों, विशेषकर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वास्तविक विकास के लिए ग्रामीण और औद्योगिक विकास को साथ लेकर चलना जरूरी है।इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।कटारिया ने आत्मनिर्भरता,टिकाऊ कृषि,किसानों की आय बढ़ाने और स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’जैसी पहल देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।उन्होंने उम्मीद जताई कि CRRID भविष्य में भी सामाजिक चुनौतियों पर शोध और ज्ञान के प्रसार के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
