शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शिमला में आयोजित संविधान बचाओ रैली के मंच से वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर की जमकर सराहना की। उन्होंने पुराने राजनीतिक संघर्ष को याद करते हुए कहा कि जिस एकजुटता और मेहनत के दम पर कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता हासिल की थी,अब उसी भावना के साथ एक बार फिर पार्टी को आगे बढ़ना होगा।
अपने संबोधन में रजनी पाटिल ने कहा कि जब वह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी थीं,उस समय मुकेश अग्निहोत्री नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे थे।कुलदीप राठौर समेत पार्टी के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर भाजपा के खिलाफ संघर्ष किया था।सभी ने एकजुट होकर मेहनत की और आखिरकार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में सफलता हासिल की।उन्होंने कहा कि अब पार्टी के सामने फिर से वैसी ही चुनौती है।कांग्रेस को अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में सक्रिय होना होगा। पार्टी केवल शिमला तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर विधानसभा क्षेत्र,गांव और चौपाल तक पहुंचकर जनता से संवाद करेगी।रजनी पाटिल ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की अपील की।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का लक्ष्य प्रदेश में दोबारा अपनी सरकार बनाना है।उनके इस बयान में कुलदीप राठौर की सार्वजनिक सराहना ने राजनीतिक गलियारों में भी ध्यान खींचा।
