मंडी,धर्मवीर -:मोर्थ (मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे) की कार्यप्रणाली से नाराज होकर धरने पर बैठे धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने जिला प्रशासन और मोर्थ अधिकारियों के आश्वासन के बाद अपना सांकेतिक धरना समाप्त कर दिया है। विधायक के धरने पर बैठने के बाद प्रशासन और मोर्थ के अधिकारी हरकत में आए और उन्होंने हाईवे निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों का मौके पर जायजा लिया।साथ ही प्रभावित परिवारों से भी बातचीत की।धरना समाप्त करने के बाद विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने बताया कि कुम्हारड़ा में प्रभावित शारदा देवी के परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। इसके लिए मोर्थ मामलों को लेकर गठित कमेटी क्षतिग्रस्त मकान का विस्तृत आकलन करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलवाने की आगामी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।विधायक ने मामले में तत्परता दिखाने के लिए डीसी मंडी की सराहना भी की।
दिसंबर में होगी कमेटी की उच्च स्तरीय बैठक
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने बताया कि हाईवे निर्माण और इससे प्रभावित परिवारों के मामलों पर चर्चा के लिए 8 से 10 दिसंबर के बीच कमेटी की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।इस बैठक में सदर विधायक अनिल शर्मा और सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर भी मौजूद रहेंगे।बैठक में हाईवे की बदहाली और निर्माण कार्यों से प्रभावित लोगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की दिशा में निर्णय लिए जाएंगे।
विधायक ने क्षेत्र के अन्य प्रभावित लोगों से भी अपील की है कि वे अपने मामलों से संबंधित आवेदन जल्द जमा करवाएं।प्रभावित लोग अपने आवेदन पंचायत प्रतिनिधियों,संबंधित एसडीएम,जिला प्रशासन या सीधे विधायक के पास दे सकते हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में सभी प्राप्त मामलों को उठाया जाएगा,ताकि प्रभावित परिवारों को न्याय मिल सके और उनकी समस्याओं का उचित समाधान हो सके।कमेटी की बैठक तक अन्य प्रभावितों को भी अपनी शिकायतें दर्ज करवाने का अवसर रहेगा।
