चंडीगढ़:हरियाणा विधानसभा में संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष चर्चा में प्रदेश के राजनीतिक इतिहास,विकास और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कैबिनेट मंत्री डॉ.अरविंद शर्मा ने सदन की कार्यवाही को सफल बताते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से चर्चा सकारात्मक और सार्थक माहौल में संपन्न हुई।उन्होंने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के बाद सदन की कार्यवाही बिना किसी व्यवधान और लंच ब्रेक के लगातार चलती रही।इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने चर्चा में भाग लिया और अपने विचार रखे।
हरियाणा के छह दशक के सफर पर हुई चर्चा
मंत्री ने कहा कि सदन में हरियाणा के गठन के 60 वर्षों के गौरवशाली सफर पर चर्चा हुई।इसके साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में विकसित हरियाणा की भूमिका पर भी विचार साझा किए गए।उन्होंने प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा से लेकर बंसीलाल, देवीलाल, भजनलाल,मनोहर लाल खट्टर,भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यकाल का उल्लेख किया।अरविंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद मनोहर लाल के नेतृत्व में पारदर्शिता,सुशासन, गरीब कल्याण और अंत्योदय की दिशा में शुरू किए गए प्रयासों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार
चुनाव आयोग और चुनाव परिणामों के दौरान मतदान प्रतिशत में वृद्धि को लेकर नेता प्रतिपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर मंत्री ने कड़ा जवाब दिया।उन्होंने कहा कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की अनियमितता या आपत्ति होने पर संबंधित शिकायत दर्ज कराने का प्रावधान है।ऐसी शिकायतों के आधार पर कई मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान भी कराया जाता है।उन्होंने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि बिना ठोस आधार के इस तरह के सवाल उठाना केवल भ्रम फैलाने जैसा है।
रोहतक की घटना पर रिपोर्ट के बाद देंगे प्रतिक्रिया
रोहतक में हुई घटना को लेकर अरविंद शर्मा ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह घटना दुखद है और मामले की पूरी रिपोर्ट तथा तथ्यों की जानकारी हासिल करने के बाद ही वह इस पर अपनी विस्तृत प्रतिक्रिया देंगे।
