अंबाला-:विश्व हिन्दू तख्त एवं ब्राह्मण महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने कहा कि देश के सफाई कर्मचारी समाज की सबसे महत्वपूर्ण सेवाओं में से एक का निर्वहन करते हैं,इसलिए उनकी सुरक्षा,सम्मान और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र और राज्य सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान शांडिल्य ने कहा कि हाल ही में स्वच्छता अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों ने दस्ताने और मास्क पहनकर सफाई की,जबकि उनके साथ कार्य कर रहे कई सफाई कर्मचारियों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह स्थिति दर्शाती है कि सफाई कर्मचारियों के लिए सुरक्षा मानकों को प्रभावी ढंग से लागू किए जाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में सफाई कर्मचारी एक दिन भी कार्य न करें तो आम जनजीवन प्रभावित हो जाता है।इसके बावजूद उनकी कार्य परिस्थितियों,स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।उनका कहना था कि स्वच्छता अभियान तभी सार्थक होगा,जब सफाई कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।वीरेश शांडिल्य ने केंद्र और राज्य सरकारों से मांग की कि सफाई कर्मचारियों को आधुनिक सुरक्षा किट,नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सा सुविधाएं,सामाजिक सुरक्षा, स्थायी रोजगार तथा पेंशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सीवर या सीवरेज में किसी भी कर्मचारी को उतारने से पहले सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण और मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि प्रत्येक सफाई कर्मचारी के लिए कम से कम 10 लाख रुपये का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। शांडिल्य ने कहा कि देश को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मचारियों का योगदान अतुलनीय है और उनके सम्मान व सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी नीति बनाई जानी चाहिए।
