पलवल-:सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और समाज में सुधार लाने के उद्देश्य से राजपूत समाज ने महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है।आगामी 25 अक्टूबर को महाराणा प्रताप भवन में आयोजित होने वाली इस महापंचायत में हरियाणा,उत्तर प्रदेश और राजस्थान के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।महापंचायत में शादी-विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची,मृत्यु भोज,दहेज प्रथा और सामाजिक आयोजनों में डीजे के इस्तेमाल जैसे मुद्दों पर चर्चा कर अहम निर्णय लिए जाएंगे।
राजपूत समाज में सामाजिक सुधार और एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए 25 अक्टूबर को महाराणा प्रताप भवन में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में राजपूत समाज के प्रतिनिधि कंवर संजय राणा और कंवर रमेश राणा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने महापंचायत की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि महापंचायत में शादी-विवाह और अन्य सामाजिक समारोहों में होने वाली अनावश्यक फिजूलखर्ची पर रोक लगाने,मृत्यु भोज की प्रथा समाप्त करने और दहेज प्रथा के खिलाफ ठोस निर्णय लेने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा सामाजिक आयोजनों में डीजे के इस्तेमाल को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश तय करने पर चर्चा होगी।महापंचायत में हरियाणा,उत्तर प्रदेश और राजस्थान से समाज के गणमान्य लोग और प्रतिनिधि शामिल होंगे।आयोजकों का उद्देश्य आपसी सहमति से ऐसे निर्णय लेना है,जिनसे सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाया जा सके और आने वाली पीढ़ी को सकारात्मक दिशा मिल सके। समाज के प्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक लोगों से महापंचायत में शामिल होने की अपील की है।
