मंडी,धर्मवीर(TSN)-कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और उसके पीएसओ पर गोलियां चलाने का मामला इन दिनों सुर्खियों में है।इस गोलीकांड को लेकर जहां प्रदेश की राजनीति में भूचाल आया हुआ है.वहीं,इसके बीच हिमाचल प्रदेश में एक और गोलीकांड हो गया है।यह गोलीकांड मंडी शहर के साथ लगते पुलघराट में हुआ है।यहां रॉयल लश किचन के नाम से ढाबा चलाने वाले प्रदीप गुलेरिया को दो अज्ञात लोगों ने आधी रात को गोली मार दी।
गोली मारने के बाद ढाबे का कैश और एलईडी लेकर फरार हुए हमलावर
प्रदीप गुलेरिया ने बताया कि रात करीब पौने 12 बजे दो लोग उनके ढाबे पर आए और खाना पैक करने का ऑर्डर दिया। यह लोगा पंजाबी में बात कर रहे थे। जब इन्होंने खाना पैक करके दिया तो उसके बाद इन्होंने ढाबे पर लूटपाट शुरू कर दी। गल्ले से कैश निकाल दिया और ढाबे पर लगी एलईडी को भी खोलकर ले गए। जाने से पहले मुझपर गोली दाग दी। मैंने अपना बचाव करने के लिए हाथ उठाया तो पहले गोली हाथ को लगी और उसके बाद गाल की चीरती हुई आगे निकल गई। प्रदीप गुलेरिया का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ढाबा मालिक के साथ जयराम ने फोन पर की बात, जाना सारा घटनाक्रम
इस घटना के बाद सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जम्वाल और मंडी जिला भाजपा के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने मेडिकल कॉलेज जाकर घायल प्रदीप गुलेरिया से मुलाकात की और उनकी हालचाल जाना।यहां इन्होंने फोन पर प्रदीप की बात पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर से भी करवाई।जयराम ठाकुर ने प्रदीप से सारे घटनाक्रम की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव मदद और इस विषय को विधानसभा में उठाने का भरोसा भी दिया।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि गोली चलाने वाले हमलावरों की तलाश जारी है। अभी इन्हें आइडेंटिफाई नहीं किया जा सका है।पुलिस रात से ही इनकी तलाश में है।आस पास की सारी सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
