हमीरपुर : चन्द्रिका ( TSN)- सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान के कला मंच पर महिला सम्मेलन में उमड़ी हजारों महिलाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर और पूर्व विधायक व सुजानपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने केंद्र व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए महिलाओं से बढ़-चढ़कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब आम आदमी के उत्थान के लिए जो योजनाएं शुरू की है, उनका हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया में भारत का परचम लहरा रहा है और भारत विश्व की एक बड़ी महाशक्ति बनने की और अग्रसर है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र में भी तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की मजबूत सरकार बनेगी और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनेगी। अनुराग ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा के पक्ष में वोट की अपील की ।वहीं पूर्व विधायक व उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में चुने हुए विधायकों को जलील करने वाली और जनता के हितों से विश्वास घात करने वाली सुक्खू सरकार के दिन अब गिने चुने रह गए हैं।बाद में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व विधायक व भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने सुजानपुर में भाजपा कार्यालय का उद्घाटन भी किया।
