चम्बा : मंजूर पठान ( TSN)- लोकसभा चुनाव से पहले बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग यातायात के लिए बहाल हो सकता है। जिला उपायुक्त रेप्सवाल ने लोक निर्माण विभाग को लोक सभा चुनाव से पहले साच पास मार्ग को बहाल करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। उपायुक्त के आदेश के अनुसार बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग की बहाली का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।
बता दें कि चुराह के बैरागढ़ से रानीकोट के आगे तक 10 किलोमीटर मार्ग बहाल कर दिया गया है और किलाड़ की तरफ से मरथालू नाला तक 14 किलोमीटर मार्ग बहाल किया जा चुका है। अभी तक विभाग ने बर्फ की दीवारों को काटकर मार्ग बहाल करने के लिए डोजर, एलएनटी मशीन और जेसीबी लगाई गई हैं। गौरतलब है कि अक्सर भरी बर्फबारी के चलते यह मार्ग हर साल करीब पांच महीनो के लिए बंद रहता था और इस मार्ग को जून-जुलाई के महीने में बहाल किया जाता रहा है,लेकिन लोकसभा चुनावों के चलते चम्बा की तरफ व किलाड़ की तरफ से साच-पास मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया गया है। समुद्र तल से 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित साच पास दरें को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग मंडल पांगी और तीसा युद्धस्तर पर कार्य कर रहे हैं।
जिलाधीश चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने दी ये जानकारी
वही जिलाधीश चम्बा मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि चम्बा पांगी मार्ग वाया साच पास को बहाल करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। वहां पर बर्फ हटाने का कार्य शुरू भी हो चुका है। उन्होंने कहा कि अमूमन इस रास्ते को जून और जुलाई के महीने में बहाल किया जाता रहा है लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव के चलते इस मार्ग को जल्द से बहाल करने के आदेश जारी किए गए हैं ताकि चुनाव से पहले पांगी घाटी में चुनाव प्रचार सामग्री को इसी मार्ग से पहुंचने का कार्य पूरा किया जा सके।
