Palwal, 24 December-:न्यू ईयर के मद्देनज़र पलवल जिले की हथीन सीआईए पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। सीआईए इंचार्ज दीपक गुलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हिमाचल प्रदेश से गोवा सप्लाई की जा रही चरस की बड़ी खेप को रास्ते में ही पकड़ लिया। पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये की कीमत की 4 किलो चरस के साथ एक तस्कर को गाड़ी समेत गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी डीएसपी क्राइम अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।
डीएसपी क्राइम अनिल कुमार ने बताया कि हथीन सीआईए स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर केएमपी एक्सप्रेसवे पर गांव मंडकोला के पास नाकाबंदी कर एक डस्टर गाड़ी को रोका गया। तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 4 किलोग्राम मादक पदार्थ चरस (सुल्फा) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी सुनील राणा के रूप में हुई है। आरोपी हिमाचल से चरस लाकर उत्तर प्रदेश के मथुरा सहित गोवा तक सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी नशा तस्करी के मामलों में शामिल रहा है और पलवल शहर थाना में दर्ज एक पुराने मामले में भी वांछित था।डीएसपी ने बताया कि यह पलवल जिले में अब तक पकड़ी गई चरस की सबसे बड़ी खेप है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
